Wed. Mar 4th, 2026

news bharti bikaner.com बीकानेर, 10 सितम्बर। बाल अधिकारिता विभाग द्वारा बाल सुरक्षा संकल्प अभियान की शुरुआत बुधवार को नोखा के राजकीय राठी उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एड. जुगल किशोर व्यास तथा किशोर न्याय बोर्ड सदस्य अरविंद सिंह सेंगर थे। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और आवश्यक जानकारियां दी। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने बच्चों से संबंधित कानून के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। स्कूलों में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में अभिभावक भाग लें तथा बच्चों का फीडबैक रखें। अभिभावकों को बच्चों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी भी होनी चाहिए।
किशोर न्याय बोर्ड सदस्य सेंगर ने बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सबसे ज्यादा नशे के शिकार युवा हो रहे हैं। यह समाज के लिए किसी दंश से कम नहीं है।
प्रोटेक्शन ऑफिसर सुमन मेहरा ने बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्प्रभाव के बारे में बताया। सरिता राठौड़ ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी।
कार्यक्रम के बाद आउटरीच कंपोनेंट के तहत नोखा पुलिस थाना, राजकीय अस्पताल तथा आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया गया। हस्ताक्षर अभियान और बाल शोषण मुक्त समाज में सहयोग के लिए शपथ के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां हुई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंकर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान चाइल्ड लाइन हेल्प लाइन के जिला समन्वय प्रवेश आचार्य, लक्ष्मी नारायण स्वामी आए मोहित मेहरा मौजूद रहे। इस्माइल दाऊदी ने मंच संचालन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *